राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने किन्नौर जिला के तीन दिवसीय दौरे के प्रथम दिन कई विकास कार्यों का शुभारंभ किया। मंत्री ने चौरा पहुंचकर नव निर्मित होने वाले किन्नौर प्रवेश द्वार का शिलान्यास किया।
इसके उपरांत विकास खंड कल्पा की सांगला वैली की ग्राम पंचायत ब्रुआ में उन्होंने 24 लाख रुपये की लागत से निर्मित बौद्ध मंदिर भवन तथा 65 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित पंचायत भवन का विधिवत उद्घाटन किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार ने आपदा राहत मैन्युअल में ऐतिहासिक बदलाव किए हैं। आपदा में पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकानों की सहायता राशि को 1.30 लाख रुपये से बढ़ाकर 8 लाख रुपये तथा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों की राशि को 6 हजार से बढ़ाकर 1 लाख रुपये किया गया है।
जनजातीय विकास मंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार सदैव गरीब, निर्धन और उपेक्षित वर्गों के साथ मजबूती से खड़ी रही है। उन्होंने वन अधिकार अधिनियम, सूचना का अधिकार अधिनियम, मनरेगा और नो-तोड़ अधिनियम को गरीब हितैषी कानून बताते हुए भाजपा पर गरीब विरोधी नीतियों का आरोप लगाया।
मंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी स्कूलों को सीबीएसई बोर्ड से जोड़ा जा रहा है। इसके तहत किन्नौर जिले के भावानगर, सांगला, रिकांगपिओ और कानम के विद्यालयों को सीबीएसई से जोड़ा जाएगा, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
स्थानीय विकास को लेकर उन्होंने घोषणा की कि ब्रुआ गांव की सड़क को पक्का किया जाएगा, ब्रुआ खड्ड में सुरक्षा दीवार का निर्माण होगा तथा कंडें सड़क को शीघ्र खोला जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उन्हें चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत ब्रुआ की प्रधान गीता देवी ने मंत्री का स्वागत करते हुए गांव की समस्याओं से अवगत कराया। मंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले प्रत्येक महिला मंडल को 15 हजार रुपये तथा एकल गीत प्रस्तुत करने वाले बच्चों को 2 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष उमेश नेगी, किनफेड अध्यक्ष चंद्र गोपाल नेगी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सरोज नेगी, प्रशासनिक अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।








