श्री मणिमहेश यात्रा 2026 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 1 अगस्त से शुरू होगा। बिना रजिस्ट्रेशन किसी श्रद्धालु को यात्रा की अनुमति नहीं मिलेगी। जानें पंजीकरण शुल्क, QR कोड, निरीक्षण केंद्र और पूरी प्रक्रिया।

चंबा: श्री मणिमहेश यात्रा-2026 पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए इस वर्ष पंजीकरण अनिवार्य कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना ऑनलाइन पंजीकरण के किसी भी श्रद्धालु को यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी। श्रद्धालु 1 अगस्त 2026 से आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से पंजीकरण और स्लॉट बुकिंग कर सकेंगे।

उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने श्री मणिमहेश यात्रा-2026 की तैयारियों और पंजीकरण व्यवस्था को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए इस बार प्रत्येक श्रद्धालु का पंजीकरण अनिवार्य रहेगा।

1 अगस्त से शुरू होगी ऑनलाइन पंजीकरण और स्लॉट बुकिंग

उपायुक्त ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए 1 अगस्त 2026 से आधिकारिक वेबसाइट www.manimaheshyatra.hp.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण और स्लॉट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। प्रत्येक श्रद्धालु के लिए ₹50 का पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है।

QR कोड के जरिए होगा सत्यापन

प्रशासन के अनुसार पंजीकरण के बाद प्रत्येक श्रद्धालु को एक पंजीकरण पर्ची जारी की जाएगी, जिसमें QR कोड अंकित होगा। इस QR कोड में श्रद्धालु की आवश्यक जानकारी उपलब्ध रहेगी, जिससे यात्रा मार्ग में निरीक्षण और सत्यापन की प्रक्रिया आसान होगी।

पंजीकरण पर्ची पर श्रद्धालु का विवरण, आपातकालीन सहायता नंबर तथा यात्रा के दौरान पालन किए जाने वाले दिशा-निर्देश और सुरक्षा संबंधी सावधानियां भी दर्ज होंगी।

लाहडू और कलसुंई में बनाए जाएंगे निरीक्षण केंद्र

यात्रा के दौरान लाहडू और कलसुंई में विशेष पंजीकरण निरीक्षण केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर प्रत्येक श्रद्धालु के पंजीकरण का सत्यापन अनिवार्य होगा।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ठहरने सहित किसी भी प्रकार की सुविधा उपलब्ध नहीं करवाई जाएगी।

पुलिस को भीड़ और यातायात प्रबंधन के निर्देश

उपायुक्त ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि निरीक्षण केंद्रों पर यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सोशल मीडिया के माध्यम से होगा व्यापक प्रचार

ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया के डेमोंस्ट्रेशन के बाद उपायुक्त ने अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा को निर्देश दिए कि सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से पंजीकरण प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि श्रद्धालु समय रहते पंजीकरण कर सकें और किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

समय पर पूरी होंगी सभी तैयारियां

उपायुक्त ने पिछले वर्ष के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि श्री मणिमहेश यात्रा-2026 से संबंधित सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं, जिससे यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से यात्रा की तैयारियों की जानकारी दी। वहीं, नेट जैन कंपनी के वरिष्ठ प्रबंधक गौरव गुप्ता ने ऑनलाइन पंजीकरण प्रणाली का विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए बताया कि आधिकारिक वेबसाइट पर यात्रा से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध रहेंगी।

बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी, अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक बलदेव दत्त सहित सभी उपमंडलों के एसडीएम वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।