मदर टेरेसा ग्लोबल कान्वेंट स्कूल नगरोटा बगवां बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। यह बात हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आर.एस. बाली ने नगरोटा बगवां स्थित मदर टेरेसा ग्लोबल कान्वेंट स्कूल के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मदर टेरेसा का जीवन प्रेम, करुणा और निस्वार्थ सेवा का जीवंत उदाहरण है, जो आज भी समाज और शिक्षा जगत को प्रेरणा देता है।
आर.एस. बाली ने अपने संबोधन में कहा कि मदर टेरेसा ने वर्ष 1950 में कोलकाता में मिशनरीज़ ऑफ चैरिटी की स्थापना कर मानव सेवा को नई दिशा दी। उन्हें 1979 में नोबेल शांति पुरस्कार, 1980 में भारत रत्न से सम्मानित किया गया और 2016 में उन्हें संत घोषित किया गया। उन्हीं सिद्धांतों पर चलते हुए मदर टेरेसा ग्लोबल कान्वेंट स्कूल नगरोटा बगवां क्षेत्र के बच्चों को नैतिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक रूप से मजबूत बना रहा है।
उन्होंने स्कूल प्रबंधन को भव्य वार्षिक समारोह के आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दिल को छू लेने वाली थीं। उन्होंने कहा कि इन प्रस्तुतियों के लिए बच्चे, शिक्षक और अभिभावक सभी बधाई के पात्र हैं। बाली ने कहा कि नगरोटा विधानसभा क्षेत्र आज शिक्षा के हब के रूप में उभर चुका है, जहां प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों से छात्र शिक्षा ग्रहण करने आ रहे हैं।
आर.एस. बाली ने जानकारी दी कि नगरोटा स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में कंप्यूटर साइंस विभाग शुरू हो गया है, जहां पहले बैच के 76 विद्यार्थी अध्ययन प्रारंभ कर रहे हैं। नर्सिंग कॉलेज में भी 60 छात्रों का पहला बैच शुरू हो चुका है। इसके अलावा नगरोटा की मॉडल आईटीआई का कार्य भी आरंभ हो गया है, जहां जल्द ही पूरे प्रदेश से छात्र प्रशिक्षण के लिए आएंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल शिक्षा बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के कई स्कूल नगरोटा में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल के चेयरमैन संजय भारद्वाज, मैनेजिंग डायरेक्टर गीतांजलि भारद्वाज, प्रधानाचार्य सुभाष कटोच, उप प्रधानाचार्या दीपशिखा, कोऑर्डिनेटर साक्षी व सोनीका, एसडीएम मुनीश शर्मा, डायरेक्टर एवं प्रधानाचार्य डॉ. दीपक बंसल सहित अन्य गणमान्य अतिथि, शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
मैनेजिंग डायरेक्टर सुभाष कटोच ने बताया कि यह स्कूल आईसीएआई द्वारा मान्यता प्राप्त है, जो संस्थान के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि “नवरंभ” थीम के साथ मनाए जा रहे इस वार्षिक समारोह में विद्यार्थियों की शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया। बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दर्शकों का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि आर.एस. बाली ने परीक्षाओं, खेलों, सांस्कृतिक व अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए और स्कूल के विकास कार्यों के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों को स्मृति चिन्ह भी भेंट किए।
इस अवसर पर आर.एस. बाली ने नगरोटा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं पर भी ध्यान दिया। हाल ही में एनएच कार्य के दौरान करंट लगने से मृत कर्मी की धर्मपत्नी को बिजली विभाग की ओर से 5 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। इसके अलावा उन्होंने बदरेहड़ में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, कार्यों का निरीक्षण किया और पुल निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हुए गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त आदेश दिए।
