भाजपा के वरिष्ठ नेता किशन कपूर का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, राजनीतिक जगत में शोक की लहर

भाजपा के वरिष्ठ नेता किशन कपूर का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, राजनीतिक जगत में शोक की लहर

धर्मशाला: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद किशन कपूर का रविवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके बेटे शाश्वत कपूर ने उन्हें मुखाग्नि दी। 73 वर्षीय किशन कपूर ब्रेन हैमरेज के चलते पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती थे, जहां शनिवार को उनका निधन हो गया था।

शनिवार देर शाम उनकी पार्थिव देह को धर्मशाला स्थित उनके निवास स्थान दाडनू लाया गया। रविवार सुबह उनके पैतृक गांव खनियारा के पटोला मैदान में अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर को रखा गया, जहां भारी संख्या में लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मांझी खड्ड स्थित श्मशानघाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया

अंतिम संस्कार में शामिल हुए वरिष्ठ नेता

किशन कपूर के अंतिम संस्कार में भाजपा और अन्य दलों के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल, भाजपा महामंत्री त्रिलोक कपूर, हमीरपुर के पूर्व सांसद सुरेश चंदेल, पूर्व मंत्री रमेश धवाला, पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि, विधायक पवन काजल, विधायक सुधीर शर्मा, विधायक जनक राज, विधायक रणवीर सिंह निक्का, पूर्व विधायक रीता धीमान, धर्मशाला नगर निगम की मेयर नीनू शर्मा और पूर्व मेयर देवेंद्र जग्गी सहित कई नेता और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

किशन कपूर का राजनीतिक सफर: पांच बार विधायक, तीन बार मंत्री, एक बार सांसद

किशन कपूर ने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा जनसेवा और राजनीति को समर्पित किया। वे धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र से पांच बार विधायक रहे और हिमाचल प्रदेश सरकार में तीन बार कैबिनेट मंत्री बने

उन्होंने 1998 से 2002 और 2007 से 2012 तक प्रेम कुमार धूमल सरकार में मंत्री पद संभाला, जबकि 2017 से 2019 तक जयराम ठाकुर सरकार में भी मंत्री रहे

इसके अलावा, 2019 के लोकसभा चुनाव में कांगड़ा-चंबा संसदीय सीट से सांसद चुने गए

राजनीति में योगदान, विकास कार्यों में अग्रणी भूमिका

किशन कपूर ने अपने कार्यकाल के दौरान हिमाचल प्रदेश में परिवहन, खाद्य आपूर्ति, शहरी विकास और अन्य विभागों में कई महत्वपूर्ण सुधार किए। उनकी जनता से जुड़ाव और संगठन क्षमता के कारण वे हमेशा एक लोकप्रिय नेता बने रहे।

भाजपा के लिए बड़ी क्षति

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने किशन कपूर के निधन को भाजपा और हिमाचल प्रदेश के लिए एक बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा कि किशन कपूर एक निष्ठावान और कर्मठ नेता थे, जिन्होंने जनता की सेवा में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई

भाजपा नेताओं ने कहा कि किशन कपूर का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकेगा और उनका राजनीतिक सफर नई पीढ़ी के नेताओं के लिए प्रेरणा बना रहेगा

किशन कपूर की अंतिम विदाई से हिमाचल प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में एक युग का अंत हो गया है। उनका समर्पण, निष्ठा और सेवा भाव हमेशा याद किया जाएगा।