चम्बा जिले के भरमौर तहसील के ग्राम पंचायत घरेड की सरिता चौहान का चयन एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (EMRS) में इतिहास विषय के लेक्चरर के पद हेतु हुआ है। सरिता चौहान की नियुक्ति EMRS भरमौर (होली) में हुई है। यह नियुक्ति केंद्रीय सरकार के अंतर्गत राष्ट्रीय आदिवासी शिक्षा समिति द्वारा की गई है।

राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित विभिन्न विषयों की भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे, जिनमें इतिहास विषय के लेक्चरर के पद हेतु कुल 185 रिक्तियाँ थीं। सरिता देवी ने इस प्रतियोगिता में सफल होकर चम्बा जिला और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। हिमाचल प्रदेश से केवल दो अभ्यर्थी इस परीक्षा में उत्तीर्ण हुए थे, जिनमें सरिता चौहान एकमात्र महिला अभ्यर्थी हैं।

सरिता का कहना है कि इस परीक्षा में सफल होने का श्रेय उनके माता-पिता, परिवार की परंपराओं, सास-ससुर और सभी रिश्तेदारों को जाता है। उनके पति, जो वर्तमान में इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अधीनस्थ अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं, ने उचित मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान किया है।

Advertisement

सरिता चौहान की शिक्षा यात्रा भी उतनी ही प्रेरणादायक है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सरकारी स्कूल से प्राप्त की और बाद में सरकारी डिग्री कॉलेज चम्बा से इतिहास में स्नातक की डिग्री हासिल की। इसके पश्चात् उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की। इसके पहले, उन्होंने हिमाचल प्रदेश में लेक्चरर स्तर पर और केंद्रीय विद्यालयों (PGT, TGT) में इतिहास विषय की लिखित परीक्षा पांच बार उत्तीर्ण की है। उन्होंने केंद्रीय विद्यालयों के लिए NET परीक्षा उत्तीर्ण की है और TET परीक्षा तीन बार पास की है।

सरिता की यह सफलता न केवल उनके परिवार के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। सरिता की इस सफलता से क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। विशेष रूप से भरमौर क्षेत्र की महिलाएं सरिता की इस उपलब्धि से प्रोत्साहित होंगी और आगे बढ़ने का संकल्प लेंगी।

सरिता चौहान की इस सफलता का श्रेय उनकी कड़ी मेहनत, समर्पण, और सकारात्मक दृष्टिकोण को जाता है। उनके शिक्षक और परिवार वाले उनकी इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं।

इनके परिवार में जेठानी एवं ननद पहले से ही हिमाचल प्रदेश के शिक्षा विभाग में सेवायें दे रही हैं। इनके जेठ कल्याण सिंह चौहान बिजली विभाग में सहायक अभियंता के पद पर सेवाएं दे रहे हैं और ससुर ITBP से उप निरीक्षक के पद से सेवा निवृत हुए हैं।