बिलासपुर के प्रगतिशील किसान हरिमन शर्मा को राष्ट्रपति ने पद्म श्री से सम्मानित किया

बिलासपुर के प्रगतिशील किसान हरिमन शर्मा को राष्ट्रपति ने पद्म श्री से सम्मानित किया

नई दिल्ली/बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के प्रगतिशील सेब किसान हरिमन शर्मा को आज नई दिल्ली में महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा ‘पद्म श्री’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। हरिमन शर्मा को यह सम्मान उनकी नवाचारपूर्ण उपलब्धियों और सेब की नई किस्म ‘HRMN-99’ के विकास के लिए प्रदान किया गया है।

‘HRMN-99’ किस्म से हिमाचल के किसानों को मिला नया रास्ता

हरिमन शर्मा द्वारा विकसित ‘HRMN-99’ सेब किस्म की खासियत यह है कि इसे कम ठंडे इलाकों में भी सफलतापूर्वक उगाया जा सकता है। यह किस्म हिमाचल प्रदेश सहित देश के अन्य ऐसे क्षेत्रों में भी सेब की खेती का नया अवसर प्रदान करती है, जहाँ पहले तापमान और जलवायु की बाधाएं थीं।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हरिमन शर्मा को पद्म श्री सम्मान मिलने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, “हरिमन शर्मा की दूरदृष्टि, नवाचार और कठिन परिश्रम से प्रदेश के किसानों को नई प्रेरणा मिली है। उनका योगदान कृषि क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित हुआ है।”

किसान नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण

हरिमन शर्मा की सफलता इस बात का प्रमाण है कि समर्पण, प्रयोग और लगन से कृषि क्षेत्र में भी उल्लेखनीय नवाचार किए जा सकते हैं। ‘HRMN-99’ जैसे प्रयासों से हिमाचल प्रदेश में कृषि विविधीकरण को गति मिली है और किसानों को बदलती जलवायु परिस्थितियों के अनुरूप नई संभावनाएँ तलाशने का मार्ग मिला है।