शिमला। हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा ने गुरुवार को शिमला में विशाल प्रदर्शन किया। चौड़ा मैदान में हजारों कार्यकर्ता जुटे और विधानसभा का घेराव कर भ्रष्टाचार, माफिया राज और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर तीखे हमले किए। प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, हिमाचल प्रभारी श्रीकांत शर्मा और सह प्रभारी संजय टंडन समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे।
हालांकि, इस प्रदर्शन में कोई भी भाजपा सांसद शामिल नहीं हो सका, जिसमें केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और सांसद कंगना रनौत भी शामिल हैं। बताया गया कि संसद सत्र चलने के कारण व्हिप जारी होने की वजह से वे प्रदर्शन में हिस्सा नहीं ले सके।
नेता प्रतिपक्ष बोले – सरकार कर रही है ताला बंदी, अगली बार होगी समीक्षा
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य सरकार ने एक हजार से अधिक सरकारी संस्थान और कार्यालय बंद कर दिए हैं, जो पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में खोले गए थे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कांग्रेस सरकार इसी तरह काम करती रही, तो अगली भाजपा सरकार आने पर इन सभी संस्थानों की समीक्षा की जाएगी कि क्या उनकी जरूरत थी या नहीं।
उन्होंने आगे कहा, “यह सरकार भ्रष्टाचार और माफिया राज के जाल में फंस चुकी है। प्रदेश में चारों ओर अराजकता का माहौल है। सरकार के संरक्षण में माफिया फल-फूल रहा है और अब अफसरशाही भी इसमें शामिल हो चुकी है।” उन्होंने ईमानदार अधिकारी विमल नेगी का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे अधिकारियों को सरकार के दबाव में काम करना पड़ रहा है।
भाजपा प्रभारी बोले – कांग्रेस सरकार ने गारंटियों पर किया धोखा
भाजपा के हिमाचल प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि चुनाव के समय दी गई गारंटियां पूरी नहीं की गईं। उन्होंने कहा –
- पांच लाख नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन एक भी नौकरी नहीं दी।
- 28 लाख महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह देने का वादा किया, लेकिन एक भी महिला को पैसा नहीं मिला।
- 300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा कर सत्ता में आए, लेकिन अब 125 यूनिट भी बंद कर दी।
- बागवानों से सही दाम देने का वादा किया, लेकिन उनकी समस्याओं को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया।
डॉ. बिंदल का हमला – 1500 सरकारी संस्थानों पर ताला, 32,000 करोड़ का कर्ज
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के ढाई साल के कुशासन ने हिमाचल को बर्बादी के कगार पर ला दिया है। उन्होंने सरकार पर 32,000 करोड़ रुपए के नए कर्ज का बोझ बढ़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे राज्य का कुल कर्ज 1,03,000 करोड़ रुपए तक पहुंच गया।
उन्होंने कहा कि “राज्य सरकार ने अब तक 1500 सरकारी संस्थानों को बंद कर दिया है, जो अपने आप में एक नया कीर्तिमान है।” डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार और लूट के कारण विकास पूरी तरह ठप हो गया है, महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है और रोजगार के अवसर समाप्त हो गए हैं।
सह प्रभारी संजय टंडन – हिमाचल में गैंगवार और चिट्टा माफिया का आतंक
भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन ने प्रदर्शन में मौजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “आज हिमाचल में जंगलराज हावी हो चुका है। गैंगवार के चलते सरेआम गोलियां चल रही हैं, चिट्टा माफिया प्रदेश के युवाओं की जिंदगियां बर्बाद कर रहा है।”
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि माफिया राज को खत्म किया जाए और कांग्रेस सरकार को सत्ता से बेदखल किया जाए।
भाजपा के विरोध प्रदर्शन से बढ़ा राजनीतिक तनाव
भाजपा के इस बड़े प्रदर्शन के बाद हिमाचल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। भाजपा ने साफ कर दिया है कि वह कांग्रेस सरकार के खिलाफ सड़कों से लेकर विधानसभा तक संघर्ष करेगी। आने वाले दिनों में राज्य की राजनीति में इस प्रदर्शन के असर को लेकर सियासी घमासान तेज होने की संभावना है।