नूरपुर (कांगड़ा)। नूरपुर विकास खंड की खैरियां पंचायत के वटनियाल गांव की तानिया कश्यप ने एचएएस (हिमाचल प्रशासनिक सेवा) अधिकारी बनकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से इलाके में खुशी का माहौल है। तानिया की सफलता पर उनके परिवार और क्षेत्रवासियों ने गर्व व्यक्त किया है।

तानिया कश्यप ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने परिवार, खासकर अपनी बड़ी बहन रामिशा को दिया है। उन्होंने कहा, “मैं अपने परिवार और भगवान के आशीर्वाद के बिना यहां तक नहीं पहुंच पाती। जो भी जिम्मेदारी मुझे मिलेगी, मैं उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाऊंगी। बचपन से ही मेरा सपना लोगों की सेवा करना था, जो आज पूरा हुआ।”

शिक्षा और संघर्ष की कहानी

तानिया ने जमा दो तक की पढ़ाई डीएवी स्कूल, जयपुर से पूरी की। इसके बाद 2020 में उन्होंने सुबोध कॉलेज, जयपुर से बीए की डिग्री हासिल की। एचएएस परीक्षा में यह उनका दूसरा प्रयास था, जिसमें उन्होंने कड़ी मेहनत और आत्मनिर्भर पढ़ाई से सफलता पाई।

Advertisement

तानिया के पिता कमल सिंह का पहले ही निधन हो चुका है। उनकी मां नीलम गृहिणी हैं। परिवार में उनकी बड़ी बहन रामिशा भारतीय सेना में नर्सिंग कैप्टन के पद पर कार्यरत हैं, जबकि छोटा भाई हर्षित कश्यप पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ से एमए कर रहा है।

इलाके के लिए प्रेरणा बनीं तानिया

तानिया की मां नीलम ने कहा, “मुझे अपनी बेटियों पर गर्व है। उन्होंने कड़ी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है। मेरी बेटियां इलाके की अन्य लड़कियों के लिए प्रेरणा बन गई हैं।”

बधाई देने वालों का लगा तांता

तानिया की इस उपलब्धि पर इलाके के नेताओं और पंचायत प्रतिनिधियों ने भी बधाई दी। पूर्व मंत्री राकेश पठानिया, विधायक रणवीर सिंह निक्का, पूर्व विधायक अजय महाजन, खैरियां पंचायत की प्रधान विजय कुमारी और पूर्व प्रधान विक्रम सिंह ने तानिया को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

तानिया का संदेश

तानिया ने क्षेत्र की बेटियों को एक संदेश देते हुए कहा कि मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि बेटियों को हमेशा खुद पर विश्वास रखना चाहिए और अपनी पढ़ाई को प्राथमिकता देनी चाहिए।