खबरें

भरमौर आदिवासी कार्यालय विलय का विरोध: पंचायत समिति सदस्य सहित युवाओं ने सौंपा ज्ञापन

भरमौर विकास कार्यालय के स्थानांतरण के विरुद्ध ज्ञापन सौंपा गया

भरमौर स्थित सहायक प्रबंधक (विकास) कार्यालय को चंबा स्थानांतरित करने के प्रस्ताव के विरुद्ध स्थानीय प्रतिनिधि द्वारा औपचारिक ज्ञापन प्रस्तुत किया गया है। पंचायत समिति भरमौर के सदस्य विक्रम कपूर व स्थानीय युवाओं सुरेन्द्र शर्मा और रवि कपूर ने इस संदर्भ में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (ADM) भरमौर को एक सविनय ज्ञापन सौंपते हुए अनुरोध किया है कि उक्त कार्यालय को भरमौर से स्थानांतरित न किया जाए।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि यह कार्यालय वर्ष 1987 से जनजातीय क्षेत्र में कार्यरत है और शिक्षा, स्वरोजगार तथा व्यावसायिक गतिविधियों के माध्यम से यहां के लोगों को लाभान्वित करता आ रहा है। यह संस्थान विशेष रूप से जनजातीय आबादी के सामाजिक-आर्थिक विकास में सहायक रहा है।

विक्रम कपूर द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि भरमौर से चंबा की दूरी लगभग 61 किलोमीटर है, जो भौगोलिक दृष्टि से दुर्गम मार्गों से जुड़ी हुई है। ऐसी स्थिति में यदि कार्यालय को स्थानांतरित किया जाता है तो भरमौर क्षेत्र की गरीब एवं दूरवर्ती आबादी के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ लेना कठिन हो जाएगा

ज्ञापन में हिमाचल प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावी पहुंच बनाए रखने के उद्देश्य से कार्यालय को यथास्थान रखने का अनुरोध किया गया है।