नालागढ़ पुलिस थाना क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 05 जनवरी 2026 को एक मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार कुलाड़ी गांव के पास ग्रामीणों ने नशे के खिलाफ स्वयं नाका लगाया हुआ था।
इस दौरान स्कूटी पर सवार दो युवक ग्रामीणों को देखकर भागने की कोशिश करने लगे। स्कूटी चला रहा युवक मनिंद्र सिंह उर्फ पिंडी मौके से फरार हो गया, जबकि पीछे बैठे युवक मनिंद्र सिंह निवासी कालीबड़ी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया।
सूचना मिलने पर पुलिस चौकी जौगो की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए पकड़े गए आरोपी के पास से 0.55 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और एक सिरिंज बरामद की।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना नालागढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है, जबकि मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।
पुलिस ने नशे के खिलाफ जागरूकता और सहयोग के लिए ग्रामीणों की भूमिका की सराहना की है।

