Site icon रोजाना 24

चमेरा चरण–III परियोजना प्रभावितों के पुनर्वास मामलों की समीक्षा, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने दिए सख्त निर्देश

चमेरा चरण–III परियोजना प्रभावितों के पुनर्वास मामलों की समीक्षा, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने दिए सख्त निर्देश

चम्बा: उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आज एनएचपीसी की चमेरा चरण–III विद्युत परियोजना के अंतर्गत परियोजना प्रभावित परिवारों के राहत और पुनर्वास संबंधी मामलों की समीक्षा हेतु निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभावितों के रोजगार, पुनर्वास, स्वास्थ्य सेवाओं और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित प्रमुख विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

उपायुक्त ने बैठक में कहा कि परियोजना प्रभावितों को रोजगार उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया को तेज किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन नीति के अंतर्गत कामगार श्रेणी में उपलब्ध रिक्त पदों के लिए पात्र व्यक्तियों की सूची ग्राम पंचायत प्रधानों से तत्काल प्राप्त की जाए, ताकि योग्य परिवारों को रोजगार का अवसर सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने एनएचपीसी अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि रिक्त पदों का विस्तृत विवरण और चयन के मापदंड प्रशासन को पूर्व में उपलब्ध करवाए जाएँ। इसके अलावा, जो संविदा कर्मचारी अगले छह महीने या एक वर्ष में सेवानिवृत्त होने वाले हैं उनकी सूची भी जल्द भेजने को कहा गया।

🏔️ मुचका गांव के लिए वैकल्पिक पुनर्वास स्थल के निर्देश

मुचका गांव में भूस्खलन से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को उपायुक्त ने अत्यंत संवेदनशील विषय बताते हुए उपमंडल अधिकारी (नागरिक), चंबा को निर्देश दिए कि परिवारों के लिए जल्द से जल्द सुरक्षित वैकल्पिक स्थल चिन्हित किया जाए। उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रभावित लोगों को सुरक्षित आवास प्रदान किया जा सके।

उन्होंने एनएचपीसी अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि यदि प्रावधान मौजूद हो, तो प्रभावित परिवारों के दिव्यांग, अक्षम, विधवा और अन्य पात्र वर्गों को प्रति माह एक हजार रुपये पेंशन उपलब्ध करवाई जाए।

🧹 कूड़ा निष्पादन संयंत्र स्थापित करने के निर्देश

उपायुक्त ने परियोजना क्षेत्रों में छोटे कूड़ा निष्पादन संयंत्र स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आसपास की पंचायतों से एकत्रित ठोस कचरे को वैज्ञानिक तरीके से निपटाया जाए, जिससे स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होगा और पर्यावरणीय प्रदूषण में कमी आएगी।

🏥 स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर बल

उन्होंने निर्देश दिए कि समुदाय स्वास्थ्य केंद्र होली तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गरोला में आवश्यकतानुसार चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की कमी न रहे।

🌿 पर्यावरण एवं आपदा प्रबंधन पर प्रस्तुत हुई विस्तृत रिपोर्ट

बैठक में चमेरा चरण–III, कुठेड हाइड्रो प्रोजेक्ट और होली–बजोली परियोजना के प्रबंधकों ने पर्यावरण प्रबंधन से संबंधित विभिन्न विषयों—
कैचमेंट एरिया ट्रीटमेंट, क्षतिपूरक वनीकरण, ग्रीन बेल्ट डेवलपमेंट, पर्यावरण मॉनिटरिंग, जैव–विविधता संरक्षण, मत्स्य प्रबंधन, क्वारी साइट पुनर्स्थापन, आपदा प्रबंधन, डंपिंग साइट प्रबंधन और ठोस अपशिष्ट निष्पादन—पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।

बैठक में सहायक आयुक्त अपराजिता चंदेल, उपमंडल दंडाधिकारी प्रियांशु खाती, अतिरिक्त महाप्रबंधक प्रशांत त्रिवेदी, क्षेत्रीय कार्यकारी अधिकारी राहुल शर्मा, सहित संबंधित परियोजनाओं के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version