चम्बा शहर के सुलतानपुर मोहल्ले में चिट्टा तस्करी मामले के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। 20.65 ग्राम चिट्टा बरामद होने और मां-बेटे व बेटी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस ने 18 से अधिक युवकों को पूछताछ के लिए थाना तलब किया है। यह मामला जिले में चल रहे नशा उन्मूलन अभियान के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है, वहीं पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार युवकों से पूछताछ लगातार जारी है, हालांकि अब तक किसी बड़े नेटवर्क का खुलासा नहीं हो पाया है। लेकिन जांच एजेंसियों का कहना है कि बरामद सामान ने नशा तस्करी की गहराई और इसके पीछे जुड़े लोगों पर महत्वपूर्ण संकेत दिए हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से 2,33,377 रुपए नकद, 14 मोबाइल फोन, 4 क्यूआर कोड, पेपर फॉइल, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, और इंजैक्शन बरामद किए थे।
इन मोबाइल फोन और बैंक खातों की जांच अब तेज कर दी गई है। पुलिस ने साइबर सेल को अलर्ट मोड पर रखा है, ताकि डिजिटल लेन-देन, चैट हिस्ट्री, कॉल रिकॉर्ड और लोकेशन डेटा का विश्लेषण कर पूरे नैटवर्क को खंगाला जा सके। अधिकारियों का मानना है कि यह नेटवर्क सिर्फ सुलतानपुर तक सीमित नहीं, बल्कि इसके तार आसपास के कई इलाकों से जुड़े हो सकते हैं।
अभी तक की जांच में यह आशंका सामने आई है कि चिट्टे की सप्लाई और वितरण में कुछ स्थानीय युवक भी सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। इसी कारण पुलिस हर स्तर पर पूछताछ और तकनीकी जांच को विस्तार दे रही है। पुलिस का कहना है कि इस रैकेट को तोड़ना आवश्यक है, क्योंकि यह स्थानीय युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने का बड़ा कारण बन रहा है।
गौरतलब है कि 22 नवम्बर को चम्बा के सुलतानपुर मोहल्ले में एक घर से चिट्टा बरामद किया गया था, जिसके बाद मां, बेटा और बेटी को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस को लाखों रुपये की नकदी, आभूषण और अन्य संदिग्ध सामग्री भी मिली थी। तीनों आरोपी फिलहाल जेल में हैं, जबकि पुलिस मामले की तह तक पहुँचने के लिए लगातार जांच कर रही है।
एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया, “जिले में नशे की तस्करी और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चल रहा है। सुलतानपुर मोहल्ले में मिली सफलता इसी अभियान का हिस्सा है। नशा नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस हर कड़ी को जोड़ रही है। 18 से अधिक युवकों से पूछताछ की जा रही है और जल्द कुछ और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।”
पुलिस की यह सख्त कार्रवाई चम्बा में नशे के विरुद्ध सामाजिक जागरूकता को भी बढ़ावा दे रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नशा तस्करी से जुड़े किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
