शाहपुर: शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों में तकनीकी एवं पर्यावरणीय जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के समस्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और मुख्याध्यापकों की एक अहम समीक्षा बैठक का आयोजन आज उपयुक्त प्रौद्योगिकी संस्थान (एटीसी) शाहपुर के सभागार में किया गया। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने की।
इस अवसर पर केवल पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी विद्यालयों में शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने के लिए ठोस कदम उठा रही है और इसमें विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों तथा समुदाय की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अध्यापकों से कहा कि वे समाज में सकारात्मक संवाद स्थापित करते हुए छात्र नामांकन में वृद्धि के प्रयास करें और सरकारी स्कूलों के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत करें।
🌱 मानसून में चलेगा विशेष पौधारोपण अभियान
विधायक पठानिया ने मानसून को ध्यान में रखते हुए सभी स्कूलों में पौधारोपण अभियान चलाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि जल्द ही एक मेगा पौधारोपण अभियान आयोजित किया जाएगा, जिसमें विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
🧪 विद्यार्थियों को तकनीकी भ्रमण के लिए रवाना किया
बैठक के बाद विधायक पठानिया ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शाहपुर के केमिस्ट्री विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 21 छात्रों को एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह भ्रमण एटीसी शाहपुर के सौजन्य से आयोजित किया गया जिसमें छात्र एसटीपी प्लांट गमरू और एचपीपीसीबी लैब दाढ़ी का भ्रमण कर पर्यावरण प्रबंधन और जल शोधन की प्रक्रियाओं को प्रत्यक्ष रूप से जान सकेंगे।
🌳 एटीसी परिसर में पौधारोपण
इससे पूर्व, विधायक केवल पठानिया ने एटीसी परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया।
🤝 बैठक में रही प्रमुख उपस्थिति
इस समीक्षा बैठक में एटीसी प्रभारी एवं वैज्ञानिक अधिकारी सुनंदा पठानिया, नगर पंचायत अध्यक्ष उषा शर्मा, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय समयाल, प्रधानाचार्य बलजीत सिंह, शमशेर भारती, अनिल जरियाल सहित क्षेत्र के सभी स्कूलों के प्रधानाचार्य और मुख्याध्यापक मौजूद रहे।
