खबरें

🧘 स्टींगरी हैलीपैड पर मनाया जाएगा जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम – अकांक्षा शर्मा ने की सहभागिता की अपील

केलांग, 18 जून 2025: जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस इस वर्ष 21 जून 2025 को स्टींगरी हैलीपैड में जिला स्तरीय कार्यक्रम के रूप में मनाया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए कार्यकारी सहायक आयुक्त एवं उपमंडलाधिकारी (ना.) केलांग श्रीमती अकांक्षा शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत योगासन व प्राणायाम की विभिन्न क्रियाएं आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारियों और आयुर्वेदिक फार्मेसी अधिकारियों की देखरेख में करवाई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि जिला के उपमंडलों – उदयपुर और काजा में भी उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त दालंग मैदान, डाइट संस्थान, स्पीति आईटीआई, की मोनास्ट्री, ग्यू आईटीबीपी केंद्र तथा जिले के सभी आयुष संस्थानों में भी योग दिवस का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम के तहत जिला की सभी पंचायतों में योग गतिविधियों के साथ-साथ स्वच्छता अभियानों का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह अवसर लोगों को तनावमुक्त और स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करने के लिए उपयोगी है।

🗣️ अकांक्षा शर्मा ने सभी विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और आम नागरिकों से आह्वान किया है कि वे इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लें और योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाएं।

इस अवसर पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. बनिता शर्मा भी उपस्थित रहीं।