Site icon रोजाना 24

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने औट और बालीचौकी तहसीलों का किया औचक निरीक्षण, राजस्व मामलों के शीघ्र निपटारे के दिए निर्देश

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने औट और बालीचौकी तहसीलों का किया औचक निरीक्षण, राजस्व मामलों के शीघ्र निपटारे के दिए निर्देश

मंडी जिला के उपायुक्त अपूर्व देवगन ने शुक्रवार को औट, बालीचौकी तहसीलों और थाची उप-तहसील का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यालयों में राजस्व मामलों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को 31 मार्च, 2025 तक लंबित कोर्ट मामलों का एक माह के भीतर निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राजस्व मामलों के शीघ्र समाधान को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि इसके लिए राजस्व लोक अदालतों का आयोजन किया जा रहा है ताकि आम जनता को समयबद्ध न्याय मिल सके। उन्होंने तहसीलदारों और अन्य राजस्व अधिकारियों को इंतकाल, तकसीम, खानगी और दुरुस्ती जैसे मामलों का त्वरित निपटारा करने के भी निर्देश दिए।

अपना पुस्तकालय परियोजना का निरीक्षण

बालीचौकी में स्थापित हो रहे “अपना पुस्तकालय” के कार्य की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इसका निर्माण कार्य तीव्र गति से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह पुस्तकालय ग्रामीण युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद करेगा। यह पहल युवाओं को गुणवत्तापूर्ण पठन सामग्री तक सुलभ पहुंच प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय अगले दो से तीन सप्ताह में पूर्ण रूप से कार्यशील हो जाएगा।

Advertisement

उपायुक्त ने छात्रों व युवाओं से इस पुस्तकालय का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया, ताकि वे अपने शैक्षणिक और प्रतियोगी प्रयासों में सफल हो सकें।

बंजार पुल निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा

उपायुक्त देवगन ने हाल ही में क्षतिग्रस्त हुए बंजार पुल के मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के यांत्रिकी विंग को निर्देश दिए कि पुल का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाए ताकि क्षेत्रवासियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारी

निरीक्षण के दौरान उपमंडल अधिकारी (ना.) बालीचौकी रूपिंदर कौर, जिला राजस्व अधिकारी हरीश शर्मा, तहसीलदार बालीचौकी निधि सकलानी, तहसीलदार औट सुभाष कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version