Site icon रोजाना 24

चार दिन से गायब है गणेश चाट भंडार चलाने वाला 'गणेशु'

रोजाना24, चम्बा 29 अप्रैल : चौरासी मंदिर परिसर के किनारे करीब एक दशक से चाट का स्टाल लगाने वाला गणेशु पिछले चार दिनों से लापता है। एक दो दिन उसके चाट स्टाल बंद रहने का कारण गणेशु का कहीं रिश्तेदार के यहां जाना माना जा रहा था लेकिन इस दौरान उसकी पत्नी शिवानी देवी ने पुलिस थाना भरमौर में गणेशु के खिलाफ घरेलु हिंसा की शिकायत दर्ज करवा दी। शिवानी देवी ने अपनी शिकायत में कहा कि वह अपने पति राज कुमार उर्फ गणेशु व दो बच्चों के साथ भरमौर में एक किराये के कमरे में रह रही हैं। 25 अप्रैल 2023 की रात को गणेशु ने शराब के नशे में उसके साथ मारपीट की थी और अगली सुबह वह अपने दस्तावेजों सहित कहीं चला गया है और अभी तक लौटा नहीं है। शिवानी ने कहा कि इससे पूर्व भी उसका पति उसे पीटता रहा है । शिवानी पुलिस से न्याय दिलाने की मांग की है। 

उधर दूसरी ओर पुलिस में मामला जाते देख स्थानीय लोगों ने भी कान खड़े कर लिए। अभी पुलिस शिवानी देवी की शिकायत की जांच कर रही थी कि आज गणेशु की बहन आशा देवी ने भरमौर पुलिस थाना में गणेशु के लापता होने की शिकायत दर्ज करवा कर इसमें उसकी पत्नी को आरोपित किया है। पुलिस थाना भरमौर ने दोनों पक्षों के ब्यान दर्ज कर मामले की छानबीन आरम्भ कर दी है। पुलिस थाना भरमौर ने चम्बा व कांगड़ा जिला के सभी पुलिस थाना में इस मामले की जानकारी देकर गणेशु की तलाश आरम्भ कर दी है।

पिछले चार दिनों से उसका स्टाल बंद होने से चर्चाओं का बाजार गर्म है । सभी अपने अपने अनुमानों,अनुभव व आंखों देखी अनुसार पति-पत्नी के सम्बंधों पर चर्चा कर रहे हैं।  

Advertisement

गणेशू की माता निको देवी ने रोजाना24 के माध्यम से गणेशु से तुरंत घर लौटने की अपील की है ।

Exit mobile version