हिमाचल प्रदेश के पालमपुर उपमंडल की मन सिम्बल पंचायत स्थित एक कैफे में शनिवार देर रात एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। पनीर में अधिक नमक होने की शिकायत को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और कथित फायरिंग तक पहुंच गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पीड़ित युवक का आरोप है कि शिकायत करने पर होटल मालिक और उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट की, मोबाइल और चेन छीन ली तथा होटल के गेट बंद कर दिए। इसके बाद होटल मालिक का एक रिश्तेदार पिस्टल लेकर पहुंचा और कथित रूप से गोलियां चलाईं।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि युवक को पिस्टल की नोक पर बंधक बनाकर पीटा गया और उसे बचाने आए उसके दोस्त के साथ भी मारपीट की गई। राहत की बात यह है कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

