हिमाचल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ₹3 करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त, दुबई से जुड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़

हिमाचल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ₹3 करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त, दुबई से जुड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़

कांगड़ा/शिमलाहिमाचल प्रदेश पुलिस ने नशे के खिलाफ चल रही मुहिम में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। जिला कांगड़ा की नूरपुर पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय और अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसके तार दुबई तक जुड़े पाए गए हैं। इस अभियान में पुलिस ने 6 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है और अब तक करीब ₹3 करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त की गई है।

एक गिरफ्तारी से शुरू हुई बड़ी जांच

27 अक्टूबर 2024 को डमटाल थाना क्षेत्र में इन्दौरा मोड़ पर पुलिस गश्त के दौरान 262 ग्राम हेरोइन के साथ कुलदीप सिंह नामक आरोपी पकड़ा गया। इसी से शुरू हुई जांच ने पूरे नेटवर्क की परतें खोल दीं। बाद में पुलिस ने राजेश कुमार, राज कुमार उर्फ सेठी, बलविंद्र कोहली, मोहित सिंह उर्फ टोनी और गगन सरना को भी गिरफ्तार किया।

बहुमूल्य बरामदगी

अब तक की कार्रवाई में पुलिस ने:

  • ₹1.19 करोड़ नकद
  • 92.93 ग्राम सोना और 99.45 ग्राम चांदी
  • ₹4.5 लाख प्रीमियम वाली बीमा पॉलिसियां
  • ₹52.52 लाख बैंक खातों में जमा राशि (फ्रीज की गई)
  • 2 लक्ज़री कारें (Verna मॉडल)
  • 2 मोबाइल और महत्वपूर्ण दस्तावेज़ जब्त किए हैं।

दुबई तक फैला नेटवर्क

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गिरोह के अंतरराष्ट्रीय संपर्क दुबई तक फैले हैं। गिरफ्तार आरोपी नशे से कमाए गए पैसे को सोना, बीमा, वाहन और अचल संपत्ति में निवेश कर रहे थे। बलविंद्र कोहली का बेटा विशाल कोहली, जो 2023 के एक बड़े NDPS केस में आरोपी था, ज़मानत मिलने के बाद से फरार है, और उसका भी इस गिरोह से गहरा संबंध है।

पुलिस की सख्त नीति

पुलिस मुख्यालय ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि “नशे के विरुद्ध शून्य सहिष्णुता” की नीति पर काम किया जा रहा है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। आम जनता से नशीली दवाओं से संबंधित किसी भी जानकारी को पुलिस के साथ साझा करने की अपील की गई है।

इस ऑपरेशन से हिमाचल पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे के सौदागर चाहे कितने भी संगठित हों, वे कानून के शिकंजे से नहीं बच सकते।