Site icon रोजाना 24

पालमपुर के जिया में भूस्खलन की चपेट में आया युवक, 24 घंटे बाद मिला शव

पालमपुर के जिया में भूस्खलन की चपेट में आया युवक, 24 घंटे बाद मिला शव

पालमपुर/चामुंडा (कांगड़ा): हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में भारी बारिश के कारण भूस्खलन की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पालमपुर उपमंडल के जिया में शुक्रवार को भूस्खलन की चपेट में आए 21 वर्षीय युवक सुरजीत कुमार का शव 24 घंटे बाद बरामद हुआ। सुरजीत गांव कुडन, जिया का रहने वाला था और एक निजी प्रोजेक्ट में काम करता था।

भूस्खलन में दबा युवक, साथी घायल

शुक्रवार को लगातार हो रही बारिश के बीच सुरजीत अपने एक साथी के साथ प्रोजेक्ट के इनटेक गेट का पानी बंद करने के लिए पहाड़ी पर गया था। इसी दौरान अचानक हुए भूस्खलन की चपेट में दोनों युवक आ गए। हादसे में सुरजीत मलबे में दब गया, जबकि उसका साथी घायल हो गया, जिसे घायल अवस्था में तुरंत टांडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया

24 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। शुक्रवार और शनिवार देर रात तक युवक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी रहा, लेकिन खराब मौसम के चलते राहत कार्य में बाधा आई। अंततः शनिवार को सुरजीत का शव प्रोजेक्ट साइट से करीब 150 फीट दूर खड्ड में मिला

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सुरजीत के परिवार में अब सिर्फ उसके पिता महाजन राम और बड़ा भाई अनूप ही बचे हैं। उनकी मां का निधन चार साल पहले हो चुका था। सुरजीत के निधन से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्रशासन ने दी 25 हजार रुपये की फौरी राहत

एसडीएम पालमपुर नेत्रा मैती ने कहा कि प्रभावित परिवार को 25 हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है। वहीं, डीएसपी पालमपुर लोकेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया

हिमाचल में बढ़ रहा भूस्खलन का खतरा

हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और निर्माण कार्यों के कारण भूस्खलन की घटनाएं बढ़ रही हैं। हाल ही में प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश और भूस्खलन से सड़कें भी बाधित हुई हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पहाड़ी इलाकों में सतर्कता बरतने की अपील की है

Exit mobile version