कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले की विशेष एथलीट आकृति को वर्ल्ड विंटर गेम्स स्पेशल ओलंपिक 2025 के लिए चुना गया है। आकृति के इस ऐतिहासिक सफर की शुरुआत के मौके पर कांगड़ा के उपायुक्त (डीसी) हेमराज बैरवा ने उन्हें इटली के लिए शुभकामनाओं के साथ विदा किया। इस दौरान डीसी कांगड़ा ने कहा कि आकृति की यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व का क्षण है और वह प्रदेश का नाम रोशन करेगी।
सूर्योदय चैरिटेबल ट्रस्ट में हुआ सम्मान समारोह
आकृति को इटली रवाना करने से पहले उनके स्कूल सूर्योदय चैरिटेबल ट्रस्ट में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट की अनुराधा जी और सचिन जी, आकृति के माता-पिता, प्रधान जी, आपना कांगड़ा के अध्यक्ष सुमित गुप्ता, खनियारा गांव के वरिष्ठ नागरिक युगल किशोर डोगरा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने आकृति को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
क्षेत्र में हर्ष का माहौल
आकृति के चयन पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय लोग और सामाजिक संगठनों ने इसे हिमाचल के लिए गर्व का क्षण बताया और आकृति के शानदार प्रदर्शन की कामना की। इस ऐतिहासिक पल के साथ, हिमाचल प्रदेश की खेल प्रतिभा एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहराने को तैयार है।